K-Drama 2025: 2025 का साल K-Drama के लिए थोड़ा मिक्स्ड रहा। कई फैंस इस बात से निराश दिखे कि अब वो पुराने वाले दिल छू लेने वाले रोमांस कम हो गए हैं, जिनकी वजह से K-Drama पूरी दुनिया में हिट हुआ था। लेकिन इसके बीच भी कुछ शो ऐसे आए जिन्होंने दिल जीत लिया।
जैसे Love Scout ने अपने अनोखे रूपकों से दर्शकों को इंप्रेस किया, वहीं When Life Gives You Tangerine की खूबसूरत स्टोरीटेलिंग ने इसे यादगार बना दिया। हां, कुछ रोमांस शो उतने पॉपुलर नहीं हो पाए क्योंकि उनमें वो गहराई या कनेक्शन नहीं था जो ऑडियंस चाहती है।
फिर भी, पूरे साल के उतार-चढ़ाव के बीच, कुछ मीठे और प्यारे रोमांस ऐसे रहे जो K-Drama फैंस को वो पुराना मैजिक फिर से महसूस कराने में कामयाब हुए। आज हम आपको उन पांच देखने लायक K-Drama के बारें में बताने जा रहें है, जो इस साल रोमांस के चाहने वालों को सबसे ज्यादा पसंद आए। इनमें हर शो की अपनी अलग कहानी और स्टाइल है, जो दर्शकों को कहीं ना कहीं पुराने क्लासिक K-Drama वाले एहसास की याद दिलाते हैं।
The Potato Lab

कभी-कभी कोई शो अपनी कहानी से नहीं, बल्कि अपने किरदारों की केमिस्ट्री से याद रह जाता है। द पोटैटो लैब भी कुछ ऐसा ही है। इस K-Drama में हमें एक अजीब और परेशान शोधकर्ता की जिंदगी देखने को मिलती है, जिसकी मुलाकात अचानक एक सख्त और ठंडी स्वभाव वाले निर्देशक से हो जाती है। कागज पर ये प्लॉट दिलचस्प लग सकता था, लेकिन असल में कहानी उतनी असरदार साबित नहीं हुई।
हालाँकि, जो चीज दर्शकों को खींचती है, वह है कांग ताए-ओ और ली सन-बिन की जोड़ी। दोनों के बीच का रोमांस बेहद नैचुरल और मीठा लगा। कुछ सीन ऐसे थे जिन्होंने सच में दर्शकों का दिल जीत लिया और सोशल मीडिया पर इनके फैंस ने इन्हीं पलों को लेकर खूब चर्चा की। भले ही शो की कहानी उतनी मजबूत नहीं है, लेकिन अगर आप कांग ताए-ओ के फैन हैं तो आपको उन्हें इस रोल में देखकर मजा जरूर आएगा। उनका अभिनय और ली सन-बिन के साथ उनकी केमिस्ट्री इस ड्रामा को थोड़ा खास बना देती है।
Motel California

Motel California ऐसा शो है जिसने आते ही खूब सुर्खियाँ बटोरीं, लेकिन फिर उतनी ही जल्दी लोगों की नजरों से गायब भी हो गया। इसकी कहानी पहली नजर में जानी-पहचानी लगती है। दो पुराने दोस्त थोड़े वक्त के लिए साथ रहते हैं, फिर उनमें से एक शहर छोड़ देता है और सालों बाद दोनों की मुलाकात दोबारा होती है। लेकिन कहानी की असली ताकत इन दोनों किरदारों के रिश्ते में छुपी हुई है।
जब पुराने दोस्त फिर से मिलते हैं तो उनके बीच अनकहे जज़्बात, अधूरी बातें और वो अजीब-सा तनाव सामने आता है जिसे संभालना आसान नहीं होता। दोस्ती को निभाने की कोशिश में उनकी जिंदगी कई उलझनों और भावनात्मक उतार-चढ़ाव से गुजरती है। शो की सबसे खास बात यही है कि इसमें दिखाई गई भावनाएँ बहुत उलझी हुई हैं। कभी आपको लगेगा कि यह प्यारा सा रोमांस है, तो कभी ये कहानी आपको बेहद जटिल और परिपक्व लगेगी।
यही कारण है कि कुछ लोगों को यह शो थोड़ा अजीब और धीमा लगा, और शायद इसी वजह से बहुत सारे दर्शक इससे दूर हो गए। फिर भी अगर आप एक ऐसी कहानी देखना चाहते हैं जिसमें दोस्ती, मोहब्बत और अनकहे रिश्तों की गहराई को महसूस किया जा सके, तो Motel California आपके लिए सही चॉइस हो सकती है।
Melo Movie

यह शो वाकई दिल को छू जाने वाला है। Melo Movie की सबसे बड़ी खूबी यही है कि इसमें ओवर-द-टॉप ड्रामा नहीं है, बल्कि एक बहुत ही सच्ची और सहज कहानी है। चोई वू-शिक और पार्क बो-यंग की जोड़ी आपको शुरू से ही बांध लेती है। दोनों किरदार ऐसे लोगों की कहानी कहते हैं जो प्यार और दर्द के बीच फंसे हुए हैं, लेकिन इन सबके बीच जो छोटे-छोटे खुशनुमा पल मिलते हैं, वही असली यादें बन जाते हैं।
इस ड्रामा को देखकर लगता है कि असल जिंदगी भी कुछ ऐसी ही होती है, जहां हर चीज परफेक्ट नहीं होती, लेकिन छोटी-छोटी खुशियां हमें जीने की वजह देती हैं। यही वजह है कि Melo Movie एक साधारण सी कहानी होते हुए भी लंबे समय तक दिल में रह जाती है।
My Dearest Nemesis

कभी सोचा है कि आपकी online gaming buddy या वो खिलाड़ी जिससे आप गेम में हमेशा भिड़ते रहते थे, असल जिंदगी में आपका बॉस निकल आए तो कैसा लगेगा? कुछ ऐसा ही ट्विस्ट लेकर आया है नया K-Drama “My Dearest Nemesis”।
ये शो एक popular webtoon पर आधारित है। इसकी कहानी घूमती है बान जू येओन और बेक सु जियोंग के इर्द-गिर्द, जिनके किरदार निभाए हैं चोई ह्यून-वूक और मुन का-यंग ने।
दोनों पहली बार अपने स्कूल के दिनों में एक online गेम के अंदर avatars के रूप में मिलते हैं। तब उनकी दोस्ती कम और टक्कर ज्यादा होती है। लेकिन twist यहीं खत्म नहीं होता। 16 साल बाद किस्मत उन्हें दोबारा मिलाती है, इस बार असल जिंदगी में। और सोचिए, अब हालात ऐसे हैं कि एक बॉस है और दूसरा employee। दुश्मनी और chemistry का ये कॉम्बिनेशन शो को और भी मजेदार बना देता है।
“My Dearest Nemesis” में romance, tension और nostalgia सब कुछ है। मुन का-यंग और चोई ह्यून-वूक की जोड़ी fresh लगती है और उनकी onscreen chemistry काफी natural है। K-Drama lovers के लिए ये शो एक sweet और relatable experience हो सकता है, खासकर उनके लिए जो gaming और online friendships को करीब से समझते हैं। अगर आप हल्का-फुल्का romance, office drama और थोड़ी हंसी-मजाक वाली कहानी देखना चाहते हैं, तो ये K-Drama आपकी watchlist में जरूर होना चाहिए।
Our Unwritten Seoul

Our Unwritten Seoul नाम सुनते ही लगता है कि शायद कोई रोमांटिक ड्रामा होगा, लेकिन असल में यह थोड़ा अलग है। इस बार Park Bo-young ने स्क्रीन पर कुछ नया और परिपक्व दिखाया है। कहानी का फोकस रोमांस पर नहीं है, बल्कि रिश्तों और जिंदगी के उन पहलुओं पर है जो अक्सर नजरअंदाज हो जाते हैं। इसमें सबसे दिलचस्प बात है Bo-young का डबल रोल। उन्होंने जुड़वां बच्चों का किरदार निभाया है और दोनों ही किरदारों में इतना फर्क लाया है कि दर्शक आसानी से कनेक्ट कर पाते हैं।
उनके अभिनय में जो सादगी और गहराई है, वही इस ड्रामा को खास बनाती है। अगर आप मसालेदार और ज्यादा ड्रामाई ट्विस्ट्स की उम्मीद लेकर बैठेंगे, तो शायद थोड़ा धैर्य रखना पड़े। यहां सब कुछ subtle है, शांत पलों में ही गहरी बातें कही जाती हैं। कई बार तो बस हल्की सी खामोशी और छोटे-छोटे gestures पूरी कहानी बयान कर देते हैं। यानी यह शो उन लोगों के लिए है जो शांति से बहने वाली कहानियों को पसंद करते हैं, जहां ग्लैमर से ज्यादा असली इमोशन्स पर जोर हो।