10 Most Popular K Dramas of 2025
10 Most Popular K Dramas of 2025 : 2025 की शुरुआत से ही K-Drama की दुनिया धमाल मचा रही है। ऐसा लग रहा है जैसे हर हफ्ते कोई नया शो आ रहा हो जो या तो दिल को छू जाता है, या दिमाग को उलझा देता है। इस साल की पहली छमाही में हमें कुछ ऐसे शानदार ड्रामा देखने को मिले जो या तो अपनी कहानी से चौंकाते हैं, या फिर पुराने themes को बिल्कुल fresh तरीके से पेश करते हैं।
जेजू आइलैंड की खूबसूरत लोकेशन पर बनी कुछ emotional love stories ने तो जैसे स्क्रीन से निकलकर सीधे दिल में जगह बना ली। वहीं कुछ thrillers ने अपनी तेज रफ्तार और टेढ़े-मेढ़े twists से हमारी रातों की नींद उड़ा दी। College life, identity crisis, family drama, और society से जुड़े issues को भी बड़े ही दिलचस्प ढंग से दिखाया गया।
इनमें से कुछ शो ऐसे थे जिनमें scenes देखकर आंखें नम हो गईं, और कुछ ऐसे भी आए जिन्होंने जिंदगी को एक नए नजरिए से देखने पर मजबूर कर दिया। यही वजह है कि K-Drama आज भी पूरी दुनिया में इतना पसंद किया जा रहा है ये सिर्फ कहानियां नहीं, एक एहसास होते हैं। तो अगर आप भी सोच रहे हैं कि इस साल अब तक का सबसे बढ़िया क्या-क्या देखा जा सकता है, तो ये रहे 2025 के पहले 6 महीनों के 10 सबसे ज्यादा चर्चित और पसंद किए गए K-Dramas।
The Trauma Code: Heroes on Call
सोचो एक ऐसा डॉक्टर जो अस्पताल के रूल्स से ज़्यादा लोगों की जान बचाने को तवज्जो देता है। ऐसा ही है Dr. Baek Kang Hyuk एक शानदार ट्रॉमा सर्जन, जिसने अपने स्किल्स को वॉर जोन में तराशा है और अब वो वापस लौटा है South Korea के एक उपेक्षित ट्रॉमा सेंटर को नया जीवन देने।
‘The Trauma Code’ इसी दमदार किरदार की कहानी है। जब Dr. Baek Hanuk University Hospital पहुंचते हैं, तो वहां का ट्रॉमा डिपार्टमेंट पूरी तरह से बिखरा हुआ होता है ना फंडिंग है, ना सही स्ट्रक्चर। लेकिन Dr. Baek का मिशन साफ है: इसे एक ऐसी जगह बनाना जो किसी भी इमरजेंसी को उस “गोल्डन ऑवर” में संभाल सके जब जान बचाई जा सकती है।
डॉ. बेक कोई आम डॉक्टर नहीं हैं। वो फैसले जल्दी लेते हैं, अक्सर सिस्टम के खिलाफ जाकर भी, ताकि मरीज की जान बचाई जा सके। और यही बात उन्हें अस्पताल की नौकरशाही से बार-बार भिड़ा देती है। इस सफर में उनके साथ जुड़ते हैं यांग जे वॉन, जो प्रॉक्टोलॉजी में रेजिडेंट हैं और शुरुआत में घबराए हुए लगते हैं लेकिन हैं बेहद टैलेंटेड।
डॉ. बेक उन्हें मजाक में “एनस” और बाद में “नंबर वन” बुलाने लगते हैं। एक और मज़ेदार किरदार है नर्स चेओन जंग मी, जो शुरुआत में डॉ. बेक को गैंगस्टर समझ लेती हैं लेकिन बाद में उनकी सबसे भरोसेमंद टीम में शामिल हो जाती हैं। ये सीरीज सिर्फ मेडिकल केसेज या एक्शन तक सीमित नहीं है।
इसमें उस इमोशनल प्रेशर को भी बखूबी दिखाया गया है जो डॉक्टर्स और ट्रॉमा टीम हर दिन झेलती है वो भी उस माहौल में जहां हर सेकेंड कीमती होता है।
‘The Trauma Code’ में आपको जबरदस्त एक्टिंग, रियलिस्टिक केस, हल्के-फुल्के मजेदार पल और साथ ही एक स्ट्रॉन्ग मैसेज भी मिलेगा कि हेल्थकेयर में सबसे पहले मरीज की जान होनी चाहिए, ना कि सिस्टम या प्रोफिट। अगर आप Korean ड्रामा के फैन हैं या मेडिकल ड्रामा देखना पसंद करते हैं, तो ये सीरीज आपके लिए एकदम परफेक्ट है। सिर्फ 8 एपिसोड्स में ये सीरीज दिल को छू जाती है और सोचने पर मजबूर कर देती है।
Buried Hearts
Buried Hearts एक ऐसी कहानी है जो आपको पहले ही एपिसोड से अपनी तरफ खींच लेती है। जब बात बदले, राजनीति और अस्तित्व की हो, तो इंसान किस हद तक जा सकता है यही इस सीरीज का असली सवाल है। इस थ्रिलर के केंद्र में है सियो डोंग जू, जो बाहर से तो एक शांत और आज्ञाकारी सेक्रेटरी लगता है लेकिन उसके अंदर एक बेहद चालाक खिलाड़ी छुपा हुआ है। वो डेसान ग्रुप जैसे ताकतवर संगठन में काम करता है, लेकिन उसकी असली मंशा है इस ताकत के खेल में सबसे ऊपर पहुंचना।
सब कुछ उल्टा तब हो जाता है जब डोंग जू एक बड़ा कदम उठाता है वो दो ट्रिलियन वॉन के पॉलिटिकल ब्लैक फंड को चुपके से चुरा लेता है। यही एक चाल सब कुछ बदल देती है। अब उसके पीछे पड़ जाता है येओम जंग सेन, जो कभी एक खुफिया एजेंसी का बॉस था और अब एक प्रोफेसर है, लेकिन उसकी असली ताकत उसकी राजनीतिक पकड़ है।
जैसे ही जंग सेन को पता चलता है कि डोंग जू ने उसकी छुपाई हुई दौलत गायब कर दी है, दोनों के बीच शुरू होता है एक ऐसा दिमागी खेल जिसमें हर चाल जानलेवा हो सकती है। इस लड़ाई में धोखा, मौत और यहां तक कि याददाश्त खो देने तक की नौबत आ जाती है।
इस साजिश में एक और किरदार धीरे-धीरे उभरता है डेसन ग्रुप के चेयरमैन की पोती, यो यून नाम। वो अपने दत्तक पिता की मंशा पर शक करने लगती है, खासकर तब जब उसे अपने असली पिता की मौत के पीछे कोई गहरा राज नजर आता है।
Buried Hearts सिर्फ एक थ्रिलर नहीं है, ये दिखाता है कि कैसे सत्ता की भूख इंसान को सब कुछ भूलने पर मजबूर कर देती है रिश्ते, वफादारी, और यहां तक कि खुद की पहचान भी।
Melo Movie
सोचो अगर जिंदगी एक फिल्म होती, जिसमें हर किरदार अपने-अपने दर्द, प्यार और सपनों को लेकर स्क्रीन पर आता। कुछ वैसा ही एहसास देती है “Melo Movie” एक ऐसी कोरियन सीरीज जो सिर्फ कहानी नहीं, एक इमोशनल जर्नी है। इस कहानी का मेन हीरो है को ग्योम, जिसे चोई वू शिक ने निभाया है। ग्योम बचपन से ही फिल्में देखने का दीवाना था।
उसका सपना था कि वो हर फिल्म देखे, हर किरदार को समझे। धीरे-धीरे वो एक फिल्म एक्स्ट्रा बनता है और फिर बन जाता है एक फिल्म क्रिटिक। बाहर से वो खुशमिजाज लगता है, लेकिन अंदर ही अंदर अपने बड़े भाई को जून से जुड़ी गहरी चुप्पी और दर्द छुपाए बैठा है।
अब आते हैं किम म्यू बी पर, जिसे पार्क बो यंग ने निभाया है। उसका नाम सुनते ही लगता है जैसे कोई फिल्म टाइटल हो “मूवी”। वो एक महत्वाकांक्षी डायरेक्टर है, लेकिन फिल्में उसके लिए सिर्फ पैशन नहीं, एक उलझा हुआ रिश्ता भी हैं। उसके पापा खुद एक फिल्ममेकर थे, लेकिन हमेशा गायब रहते। इसी वजह से म्यू बी के अंदर फिल्मों को लेकर प्यार और गुस्से का अजीब सा मेल है।
ग्योम और म्यू बी की केमिस्ट्री सीरीज की जान है। कभी ये दोनों बहुत करीब थे, लेकिन एक दिन एक रोमांटिक पल के बाद ग्योम अचानक म्यू बी की जिंदगी से गायब हो जाता है। पांच साल बाद दोनों फिर मिलते हैं, वो भी पड़ोसी बनकर। और वहीं से शुरू होती है उनकी पुरानी यादों, अधूरी बातों और छुपी भावनाओं की नई कहानी।
ग्योम का बेस्ट फ्रेंड है होंग सी जून, जो एक स्ट्रगलिंग म्यूजिशियन है। उसकी एक्स-गर्लफ्रेंड सोन जू ए एक स्क्रिप्ट राइटर है। इन दोनों की स्टोरी ग्योम और म्यू बी की लव स्टोरी के साथ-साथ चलती है और बताती है कि कैसे क्रिएटिव लोग भी इमोशनली हिल जाते हैं कभी प्यार में, कभी अपने काम में।
और फिर आता है वू जियोंग हू, म्यू बी का बचपन का दोस्त। उसका किरदार बहुत वॉर्म और रियल है। वो म्यूजिक से प्यार करता है और जब भी कहानी थोड़ी भारी हो जाती है, वो उसमें थोड़ा हल्कापन ला देता है।
“Melo Movie” सिर्फ एक रोमांटिक ड्रामा नहीं है, ये उन जज़्बातों की कहानी है जिन्हें हम अक्सर दबा देते हैं पुराने जख्म, खोए हुए रिश्ते और एक नए मौके की उम्मीद। हर किरदार अपनी-अपनी जगह सच्चा लगता है और आपको ऐसा महसूस होता है जैसे आप उनकी जिंदगी का हिस्सा बन गए हों।
Study Group
सोचो अगर कोई लड़का पढ़ाई में अव्वल आना चाहता हो, लेकिन हर बार उसे किताबों की जगह मुक्के चलाने पड़ें… कुछ ऐसा ही है Korean drama Study Group का प्लॉट, जो आजकल हर K-drama fan की लिस्ट में टॉप पर है। ये कहानी है यूं गा मिन की, जिसे निभाया है Hwang Min Hyun ने।
गा मिन एक शांत स्वभाव का लड़का है, लेकिन उसकी जिंदगी बिल्कुल भी शांत नहीं है। उसका सपना है यूनिवर्सिटी में एडमिशन लेना, लेकिन ग्रेड्स हमेशा नीचे रहते हैं। और हैरानी की बात ये है कि पढ़ाई में चाहे वो कमजोर हो, लेकिन लड़ाई में उसका कोई जवाब नहीं।
वो पढ़ता है युसुंग टेक्निकल हाई स्कूल में, जो कि किसी स्कूल से ज़्यादा गैंग्स का अड्डा लगता है। यहां पढ़ाई का मजाक उड़ाया जाता है और लड़ाई आम बात है। लेकिन गा मिन हार मानने वालों में से नहीं है। वो कुछ दोस्तों के साथ एक छोटा-सा स्टडी ग्रुप शुरू करता है ताकि खुद भी सुधरे और दूसरों को भी इंस्पायर कर सके।
इस ग्रुप में आते हैं किम से ह्यून, चोई ही वॉन, और ली जुन जो दिखने में भले अजीब हो लेकिन गा मिन की लड़ने की स्किल से इम्प्रेस है। इन्हें गाइड करती हैं ली हान क्यूंग, एक टेम्पररी टीचर, जो कभी गा मिन की कॉलेज टीचर रह चुकी हैं। वो सिर्फ स्टूडेंट्स को पढ़ाने नहीं आईं, बल्कि स्कूल को बदलने और अपने एक पुराने गुरु की रहस्यमयी मौत की सच्चाई जानने का मिशन भी लेकर आई हैं।
लेकिन रास्ता आसान नहीं है। इनका सबसे बड़ा दुश्मन है पी हान उल – जो माफिया सरगना का बेटा है और स्कूल में दहशत फैलाता है। जैसे-जैसे स्टडी ग्रुप पॉपुलर होता है, वैसे-वैसे मुसीबतें बढ़ती जाती हैं। और फिर शुरू होता है असली टेस्ट जहां गा मिन को अपनी पढ़ाई और अपने दोस्तों दोनों को बचाना है, और वो भी सिर्फ शब्दों से नहीं, बल्कि एक्शन से।
जो कहानी एक सीधी-सादी ‘ड्रीमर्स’ की स्टोरी लगती थी, वो धीरे-धीरे इतनी पावरफुल बन गई कि आज Study Group को 2025 की सबसे बड़ी अंडरडॉग हिट माना जा रहा है।
When Life Gives You Tangerines
अगर आपको ऐसी कहानी पसंद है जो वक्त के साथ बहती है, रिश्तों की तहों को खोलती है और जिंदगी के छोटे लेकिन अहम लम्हों पर रोशनी डालती है, तो When Life Gives You Tangerines जरूर देखनी चाहिए। यह सिर्फ एक रोमांटिक ड्रामा नहीं है, बल्कि इससे कहीं ज़्यादा है।
ये सीरीज 1950 के दशक के खूबसूरत लेकिन संघर्षपूर्ण जेजू द्वीप से शुरू होती है, जहां हम मिलते हैं ऐ सन से। उसका किरदार दो अलग-अलग उम्र की अदाकाराएं निभाती हैं IU ने उसकी युवावस्था को बखूबी जिया है और मून सो री ने उसकी अधेड़ उम्र को।
ऐ सन का किरदार बेहद दिलचस्प है वो गरीब है, लेकिन उसके अंदर एक जिद और सपना है, कवि बनने का। स्कूल ना जा पाने के बावजूद वो अपने जज़्बात को जाहिर करने में कभी पीछे नहीं रहती। उसके बिल्कुल उलट हैं यांग ग्वान सिक, जिनका रोल भी दो एक्टर्स ने निभाया है युवा रूप में पार्क बो गम और अधेड़ उम्र में पार्क हे जून। जहां ऐ सन भावुक और खुली किताब है, वहीं ग्वान सिक शांत और गहराई लिए हुए किरदार है।
सबसे खास बात यह है कि पूरी कहानी इन दोनों की बेटी, यांग ग्यूम म्योंग (जिसे भी IU ने ही निभाया है) के नजरिए से सुनाई गई है। उसकी आवाज में जो भावनाएं हैं कभी हैरानी, कभी दर्द, तो कभी प्यार और इज्ज्त वही इस सीरीज की आत्मा बन जाती हैं।
कहानी लाइनर नहीं है, यानि सीधा-सीधा नहीं चलती। इसमें फ्लैशबैक हैं, वक्त की छलांगें हैं, और यही चीज इसे और दिलचस्प बनाती है। जैसे-जैसे वक्त गुजरता है, हम देखते हैं कि एक समय का कोई छोटा सा फैसला या मोड़, आगे चलकर कैसे पूरे परिवार पर असर डालता है।
जेजू आइलैंड की लोकेशंस, वहां की लोक संस्कृति और साउथ कोरिया के इतिहास के उतार-चढ़ाव इस कहानी को एक गहराई देते हैं। ऐसा लगता है मानो आप न सिर्फ़ एक परिवार की कहानी देख रहे हैं, बल्कि एक पूरी जनरेशन की कहानी महसूस कर रहे हैं।
सीरीज में कई और दमदार कलाकार हैं जैसे रा मी रैन, ली जुन यंग, किम सेन हो और कांग यू सियोक, जो हर एपिसोड में कुछ नया लेकर आते हैं। हर एपिसोड किसी कविता की तरह लगता है धीमा, लेकिन असरदार। इस सीरीज की सबसे खूबसूरत बात यही है कि इसमें जिंदगी को उसके असली रूप में दिखाया गया है।
बिना ज्यादा नाटकीयता के। यह हमें याद दिलाती है कि असली ताकत रोजमर्रा की छोटी-छोटी लड़ाइयों में होती है, उस लचीलापन में होता है जो इंसान को टूटने नहीं देता।
तो अगर आप एक ऐसी कहानी देखना चाहते हैं जो दिल को छू जाए, जो आपके अपने रिश्तों की याद दिला दे और जो यह समझा सके कि प्यार हमेशा बड़े शब्दों या इशारों में नहीं होता When Life Gives You Tangerines आपके लिए परफेक्ट है।
Resident Playbook
अगर आपको Hospital Playlist पसंद आया था, तो Resident Playbook आपको और भी ज़्यादा करीब लगेगा। ये कहानी उसी यूलजे मेडिकल यूनिवर्स में सेट है, लेकिन इस बार कैमरा उन नए डॉक्टरों पर है जो अपने करियर की शुरुआत कर रहे हैं।
ये शो यूलजे अस्पताल की जोंगनो ब्रांच में होता है, जहां OBGYN यानी प्रसूति और स्त्री रोग विभाग एक खास चुनौती से जूझ रहा है देश की कम होती जन्म दर और उसके बीच अच्छे डॉक्टरों को आकर्षित करना।
इसी माहौल में चार नए रेजिडेंट्स अपनी-अपनी वजहों से इस फील्ड में कदम रखते हैं। ओह यी यंग, जो गो यूं जंग ने निभाया है, कर्ज के बोझ तले डॉक्टर बनी है। लेकिन एक पुरानी गलती और अपनी भावनाओं से दूरी उसे लगातार परेशान करती है। प्यो नाम क्यूंग, जो बाहर से ग्लैमरस और कॉन्फिडेंट लगती है, अंदर ही अंदर लगातार खुद से लड़ रही है क्योंकि उसे समझ आता है कि असली डॉक्टर बनना सिर्फ स्टाइल नहीं, बल्कि मेहनत और सब्र मांगता है।
किम सा बी पढ़ाई में टॉप पर है, लेकिन मरीज़ों से कनेक्ट करना उसके लिए एक बड़ी चुनौती है। वहीं चीफ़ रेजिडेंट कु डो वॉन, जो शांत और समझदार हैं, उन्हें बड़े ही सधे हुए अंदाज में गाइड करते हैं। ओह यी यंग और कु डो वॉन के बीच एक प्यारी सी लव स्टोरी भी धीरे-धीरे खिलती है, जो शो में इमोशन और गहराई दोनों जोड़ देती है।
Resident Playbook की सबसे खास बात ये है कि इसमें मेडिकल ड्रामा, रोमांस, और दोस्ती – सब कुछ बड़े ही बैलेंस तरीके से दिखाया गया है।
जो सीनियर डॉक्टरों की परिपक्व दुनिया थी, अब वही जर्नी नए डॉक्टरों की आँखों से दिखती है – जहां हर दिन एक नई सीख है, हर गलती एक सबक, और हर रिश्ते में एक उम्मीद। यह शो न सिर्फ मेडिकल स्टूडेंट्स बल्कि हर उस इंसान से जुड़ता है जो कभी नए माहौल में खुद को साबित करने की कोशिश में लगा हो।
Our Unwritten Seoul
इस सीरीज की कहानी जुड़वां बहनों मी जी और मी राय के इर्द-गिर्द घूमती है, जिनकी जिंदगी की राहें बचपन में तो एक जैसी थीं, लेकिन समय के साथ दोनों की दुनिया पूरी तरह बदल गई। मी जी, जो कभी एक होनहार एथलीट हुआ करती थीं, एक गंभीर चोट के बाद ना सिर्फ अपना सपना खो बैठीं बल्कि धीरे-धीरे अवसाद की गिरफ्त में आ गईं।
अब वो शहर की चकाचौंध से दूर गांव में एक सादा सा जीवन जी रही हैं, लेकिन भीतर ही भीतर वो अकेलेपन, डर और परिवार की अनदेखी से जूझ रही हैं। दूसरी तरफ मी राय है बड़ी बहन, जो सियोल में एक हाई-प्रेशर कॉर्पोरेट जॉब कर रही है। बाहर से भले ही उसकी जिंदगी परफेक्ट लगे, लेकिन हकीकत ये है कि वो बर्नआउट, डिप्रेशन और ऑफिस में होने वाली पॉलिटिक्स से टूट चुकी है।
जब मी जी को अपनी बहन के हालात का पता चलता है, तो दोनों एक बड़ा फैसला करती हैं वे एक-दूसरे की जिंदगी जीने का एक्सपेरिमेंट करती हैं। मी जी अब शहर की तेज रफ्तार और कॉर्पोरेट वर्ल्ड से भिड़ती है, वहीं मी राय गांव के शांत माहौल में खुद को खोजने की कोशिश करती है।
इस दौरान उनकी जिंदगी में कुछ पुराने और नए लोग आते हैं वकील और बचपन का दोस्त ली हो सू, जो मी जी की असलियत को पहचान लेता है, और खेत का मालिक हान से जिन, जो मी राय की जिंदगी में थोड़ा हास्य और हल्कापन लाता है। शो में भले ही रोमांस की झलक दिखे, लेकिन इसकी असली ताकत है मानसिक स्वास्थ्य, पारिवारिक रिश्ते और खुद को समझने की वो जर्नी जो हर इंसान कभी ना कभी करता है।
‘Our Unwritten Seoul’ इस बात को बखूबी दिखाता है कि कैसे अवसाद, चिंता और पुरानी पीढ़ियों से चले आ रहे जख्म हमें अंदर ही अंदर तोड़ सकते हैं और फिर कैसे हम खुद से प्यार करना, माफ करना और दोबारा शुरू करना सीख सकते हैं।
पार्क बो यंग का डबल रोल इस शो की जान है।
वो मी जी और मी राय दोनों के किरदारों में इतनी गहराई से उतरती हैं कि एक पल को भी ये नहीं लगता कि दोनों बहनें एक ही इंसान निभा रहा है। कुल मिलाकर, ये शो सिर्फ एंटरटेनमेंट नहीं है ये एक एहसास है। अगर आप ऐसी कहानियों की तलाश में हैं जो आपको सोचने पर मजबूर कर दें, तो ‘Our Unwritten Seoul’ एक मौका जरूर दीजिए।
Our Movie
Our Movie सिर्फ एक रोमांटिक सीरीज नहीं है, ये उन कहानियों में से है जो दिल में उतर जाती हैं और सोचने पर मजबूर कर देती हैं। इस कहानी का प्लॉट एक फिल्म डायरेक्टर और एक उभरती हुई एक्ट्रेस के इर्द-गिर्द घूमता है, लेकिन इसकी गहराई इससे कहीं ज्यादा है।
ली जे हा, एक ऐसा निर्देशक है जिसने अपनी पहली ही फिल्म से काफी नाम कमा लिया था। लेकिन उसके बाद जैसे उसकी क्रिएटिविटी पर ब्रेक लग गया। पिछले पाँच साल से वह एक भी नया प्रोजेक्ट नहीं बना पाया और अब उस पर पहले जैसी सफलता दोहराने का दबाव है।
ऐसे में वह एक ऐसी रोमांटिक कहानी पर फिल्म बनाने की सोचता है जिसमें लीड कैरेक्टर के पास जीने के लिए बहुत कम समय बचा है। दूसरी तरफ है ली दा यूम, जो एक महत्वाकांक्षी लेकिन गंभीर बीमारी से जूझ रही अभिनेत्री है। वो अपनी बीमारी को सबसे छुपाकर, पूरे पैशन के साथ अपने एक्टिंग करियर को आगे बढ़ा रही है।
जब वो जे हा की कहानी पढ़ती है, तो उसमें खुद को देखती है और उस फिल्म का हिस्सा बनने का फैसला करती है। धीरे-धीरे दोनों के बीच सिर्फ काम का नहीं, बल्कि दिल का रिश्ता बनता है। एक ऐसा रिश्ता जो पूरी तरह सच्चाई, दर्द और अपनेपन पर टिका होता है। दोनों को पता है कि वक्त कम है, लेकिन उस सीमित समय में वो एक-दूसरे की जिंदगी को बदल देते हैं।
इस 12-एपिसोड की सीरीज की खास बात ये है कि ये सिर्फ बीमारी या मौत की बात नहीं करती, बल्कि बताती है कि अगर हमारे पास कम वक़्त भी हो, तब भी हम उसे कैसे पूरी intensity के साथ जी सकते हैं। सीरीज ये भी दिखाती है कि आर्ट चाहे वो फिल्म हो, एक्टिंग हो या कोई और क्रिएटिव प्रोसेस कैसे इंसान को heal कर सकता है, उसे उसकी तकलीफों से निकालकर एक नई उम्मीद दे सकता है।
कहानी बहुत ही इमोशनल है, लेकिन कहीं भी ड्रामा ओवर नहीं लगता। जे हा और दा यूम का रिश्ता आपको उन पलों की याद दिलाएगा जो शायद आपने भी अपनी जिंदगी में महसूस किए होंगे जब कोई आपको बिना कहे समझ लेता है। अगर आप उन कहानियों के दीवाने हैं जो दिल से लिखी जाती हैं और जिनमें हर कैरेक्टर की अपनी जर्नी होती है, तो ‘Our Movie’ आपके लिए बिल्कुल सही है।
Hyper Knife
कभी एक बेहतरीन न्यूरोसर्जन बनने का सपना देखने वाली से ओक की जिंदगी अचानक बदल जाती है, जब उसके अपने गुरु चोई देओक ही उसकी सर्जरी में दखल देकर उसका मेडिकल लाइसेंस रद्द करवा देते हैं। करियर का वो झटका इतना बड़ा था कि उसने अस्पताल की दुनिया से पूरी तरह दूरी बना ली।
अब वो दिन में एक छोटी-सी फार्मेसी चलाती है और रात के अंधेरे में उन लोगों का इलाज करती है जिन्हें या तो इलाज का तरीका पसंद नहीं या फिर वो किसी और को भरोसे में नहीं ले सकते। से ओक अब सिर्फ एक सर्जन नहीं है, बल्कि वो किसी भी सीमा को पार करने से नहीं डरती।
उसके अंदर कहीं एक पुराना गुस्सा और एक किस्म का जूनून है जो उसे अपनी शर्तों पर सर्जरी करने के लिए मजबूर करता है। उसे इस बात की परवाह नहीं कि समाज क्या कहेगा, उसकी एक ही फिक्र है परफेक्ट रिजल्ट। दूसरी ओर उसके पुराने गुरु, चोई देओक ही, अब एक इंटरनेशनल न्यूरोसर्जन हैं जिनका नाम और काम दोनों की दुनिया तारीफ करती है।
लेकिन उनके अंदर का चालाक और गुप्त स्वभाव अब भी वैसा ही है। कहानी में ट्विस्ट तब आता है जब उन्हें पता चलता है कि वो एक जानलेवा ब्रेन ट्यूमर से जूझ रहे हैं। वो उसी से ओक से अपनी सर्जरी करवाने का फैसला करते हैं, जिसे कभी उन्होंने खुद गिराया था।
यहां से शुरू होता है एक तगड़ा टकराव जहां पुरानी कड़वाहट, अधूरी इज्ज़त और अब भी मौजूद जज़्बात आपस में भिड़ते हैं। से ओक को अब ये तय करना है कि वो अपने गुरु से बदला लेगी या उनके लिए वो पुराना सम्मान फिर से जिंदा करेगी। इस इमोशनल और थ्रिलर कहानी में दो खास किरदार और भी हैं से ओक की करीबी दोस्त सेओ यंग जू, जो हमेशा उसके साथ खड़ी रहती है, और हान ह्यून हो, जो उसकी खतरनाक सर्जरीज में उसकी सबसे बड़ी ताकत बनकर उभरता है।
Hyper Knife सिर्फ एक मेडिकल ड्रामा नहीं है, ये दिखाता है कि किस तरह जुनून और बदले की भावना इंसान को उस मोड़ पर ले आती है जहां सही और गलत के बीच की लाइनें धुंधली हो जाती हैं। यह सीरीज उन लोगों के लिए है जो रिश्तों की जटिलता और मनोवैज्ञानिक टकराव को समझना चाहते हैं। अगर आपको इमोशनल थ्रिलर और तेज-तर्रार मेडिकल ड्रामा पसंद हैं, तो Hyper Knife जरूर आपकी वॉचलिस्ट में होनी चाहिए।
Oh My Ghost Clients
अगर आप उन कहानियों को पसंद करते हैं जो मज़ेदार भी हों, थोड़ा रहस्यमयी भी और साथ में कुछ बड़ा मैसेज भी दे जाएं—तो Oh My Ghost Clients आपके लिए ही बना है। इसमें कहानी है नोह मु जिन (जंग क्यूंग हो) की, जो पेशे से एक लेबर लॉयर है लेकिन दिल से बिल्कुल भी हीरो नहीं है।
शुरुआत में उसका फोकस बस पैसे कमाने पर होता है, भले ही इसके लिए उसे नियम-कानून को थोड़ा इधर-उधर क्यों न करना पड़े। उसे मजदूरों के हक़ या इंसाफ से ज़्यादा मतलब नहीं होता। लेकिन एक दिन उसकी जिंदगी में एक अजीब मोड़ आता है वो अचानक से भूतों को देखने लगता है। और ये कोई आम भूत नहीं हैं, ये वो लोग हैं जो वर्कप्लेस पर शोषण, लापरवाही या ज्याती की वजह से मारे गए हैं। यहीं से उसकी कहानी बदल जाती है।
एक रहस्यमयी शक्ति, जिसे बोधिसत्व (तांग जुन सांग) कहा जाता है, उसे इन आत्माओं की मदद करने की ज़िम्मेदारी देती है। अगर वो ऐसा करने में फेल हो जाता है, तो उसे खुद बहुत बड़ा नुकसान उठाना पड़ सकता है। मु जिन अकेले ये सब नहीं करता। वो बनाता है “टीम मुजिन्स” एक छोटी सी लेकिन मजबूत टीम।
इसमें उसकी तेज-तर्रार भाभी ना ही जू (सियोल इन आह) हैं, जो सब कुछ मैनेज करती हैं और ऑफिस का पूरा कंट्रोल संभालती हैं। और फिर है गो ग्योन वू (चा हक योन), जो पहले रिपोर्टर था लेकिन अब एक यूट्यूबर है। शुरुआत में वो बस व्यूज के पीछे भागता है, लेकिन धीरे-धीरे वो भी टीम का अहम हिस्सा बन जाता है।
सीरीज में एक से एक केस आते हैं कभी फैक्ट्री एक्सीडेंट, कभी चोरी हुई सैलरी, तो कभी जानलेवा वर्क कंडीशन्स। मु जिन और उसकी टीम इन केसों की तह तक जाती है और बड़ी-बड़ी कंपनियों से टकराती है। हर केस के साथ मु जिन बदलता है। एक लालची, बेपरवाह इंसान धीरे-धीरे ऐसा वकील बन जाता है जो वाकई में आवाज उठाने लगा है उन लोगों के लिए जो खुद अपनी बात नहीं कह सकते।
इस ड्रामा की खास बात ये है कि इसमें भूत-प्रेत और कानून की लड़ाई को इतने बैलेंस और मज़ेदार अंदाज में दिखाया गया है कि आप बोर नहीं होंगे। साथ ही, ये शो उन मजदूरों की कहानी भी सामने लाता है जिनकी आवाज अक्सर दबा दी जाती है।
Oh My Ghost Clients असल में हमें ये सिखाता है कि न्याय सिर्फ एक शब्द नहीं, बल्कि एक ज़िम्मेदारी है चाहे वो इंसानों के लिए हो या आत्माओं के लिए।