Demon Korean Drama: के-पॉप डेमन हंटर्स इस साल की उन एनिमेटेड फिल्मों में से है, जिसने रिलीज होते ही फैंस के दिलों में तूफान मचा दिया। इसकी पॉपुलैरिटी का हाल ये है कि अब K-pop फैन कम्युनिटी में ‘होनमून’ शब्द एक ट्रेंड बन चुका है। लोग अपने फेवरेट आइडल के स्टेज क्लिप्स के नीचे खुलकर लिख रहे हैं ,“होनमून को सील कर दिया गया है!”
फिल्म इतनी हिट हुई कि अब इसके सीक्वल को लेकर कयास लगाए जा रहे हैं। कुछ लोग एनिमेटेड सीक्वल की उम्मीद कर रहे हैं। जबकि लाइव-एक्शन वर्जन की चर्चा सुनकर कुछ फैंस थोड़ा हिचकिचा रहे हैं। अगर आपको भी Demon से लड़ाई और K-pop आइडल्स की धमाकेदार एनर्जी का ये कॉम्बो पसंद आया था, तो टेंशन मत लीजिए। यहां हम आपके लिए लेकर आए हैं 5 ऐसे K-drama, जिनमें वही एड्रेनालिन, मस्ती और रोमांच मिलेगा, जो के-पॉप डेमन हंटर्स ने आपको दिया था।
Lovers of the Red Sky

जोसियन राजवंश की हरी-भरी और रहस्यमयी पृष्ठभूमि पर आधारित Lovers of the Red Sky, किस्मत और वर्जित प्रेम की एक ऐसी कहानी है जो आपको पहले एपिसोड से ही बांध लेती है। इसमें किम यू जंग, होंग चुन गी का किरदार निभा रही हैं, जो एक गजब की टैलेंटेड पेंटर हैं। बचपन में खो चुकी आंखों की रौशनी उन्हें चमत्कारिक तरीके से वापस मिलती है और वे शाही दोहवासेओ में चुनी जाने वाली पहली महिला कलाकार बन जाती हैं।
उनके सामने हैं हा राम, जिनका रोल आह्न ह्यो सियोप ने निभाया है। हा राम एक नेत्रहीन ज्योतिषी हैं, जिनके शांत और गंभीर स्वभाव के पीछे एक डरावना और शापित अतीत छिपा है। किस्मत इन दोनों को बार-बार मिलाती है, लेकिन उनका रास्ता आसान नहीं है।
महल के अंदर चल रहे खतरनाक सत्ता संघर्ष में, वे कोमल दिल वाले युवराज यांग म्यांग और निर्दयी राजकुमार जू हयांग से टकराते हैं। कहानी में प्रेम, किस्मत और दैवीय शक्तियां इतनी खूबसूरती से आपस में जुड़ी हैं कि आपको लगता है जैसे कोई पुरानी पेंटिंग आपकी आंखों के सामने जीवंत हो गई हो।
इस सीरीज की सबसे बड़ी खासियत है इसके लाजवाब दृश्य, पौराणिक कथाओं की झलक और वह भावनात्मक गहराई जो हर एपिसोड में महसूस होती है। अगर आपको ऐतिहासिक ड्रामा और रोमांटिक प्लॉट पसंद हैं, तो Lovers of the Red Sky एक बार जरूर देखनी चाहिए।
The Haunted Palace

The Haunted Palace उन लोगों के लिए परफेक्ट है जो डरावनी कहानियों में भी दिल छू लेने वाली इमोशंस ढूंढते हैं। इसमें महल के रहस्य, अलौकिक शक्तियां और एक इमोशनल लव स्टोरी का शानदार मिक्स देखने को मिलता है। कहानी के सेंटर में है यून गैब, जिसे युक सुंगजे ने निभाया है।
वह एक महल अधिकारी है, जिसकी जिंदगी एक पौराणिक सर्प आत्मा, इमुगी, के साये में आ जाती है। पहले तो उसे शाही सम्मान मिलता है, लेकिन धीरे-धीरे उसके अंदर का बदलाव लोगों में डर और अजीब फुसफुसाहटें पैदा करता है। यह सब किसी न किसी तरह जुड़ा होता है यो री से, जो उसका पहला प्यार है और एक ताकतवर ओझा की पोती भी।
यो री अपने परिवार के ओझा वाले भाग्य को अपनाने से बचती है और एक ग्लास आर्टिस्ट के तौर पर शांत जिंदगी जी रही होती है। लेकिन किस्मत उसे फिर से आत्माओं और दर्द भरी यादों की दुनिया में खींच लाती है। इमुगी उसे अपने कब्जे में लेना चाहता है, और इसी वजह से वह उस भूतिया महल में पहुंचती है जो प्रतिशोधी महिला आत्माओं और दबे हुए शाही रहस्यों से भरा है।
ड्रामा में किम जी हुन और युक सुंगजे की मस्तीभरी बातचीत और उनकी अनपेक्षित केमिस्ट्री कहानी के डरावने माहौल में हल्कापन भर देती है। इसके साथ-साथ गहरी कहानी, हल्का-सा रोमांस और दमदार एक्टिंग इसे एक ऐसा ड्रामा बना देती है जिसे देखना वाकई मज़ेदार और यादगार अनुभव होगा।
My Demon

My Demon में डू डू ही, जो फ्यूचर ग्रुप की बेबाक और जिद्दी उत्तराधिकारी है, अपने दिल के दरवाज़े प्यार के लिए हमेशा बंद रखती है। लेकिन उसकी जिंदगी तब पूरी तरह बदल जाती है जब उसकी मुलाकात जंग गु वॉन से होती है एक करिश्माई लेकिन घमंडी दानव, जो अचानक अपनी सारी शक्तियां खो देता है।
मजबूरी में दोनों कॉन्ट्रैक्ट मैरिज कर लेते हैं, और किस्मत उन्हें एक ऐसे सफर पर ले जाती है जहां उन्हें एक-दूसरे की जिंदगी बचानी होती है। शुरुआत में ठंडी और नोकझोंक भरी ये रिलेशनशिप धीरे-धीरे गहरी केमिस्ट्री और अलौकिक रोमांस में बदल जाती है। इस सफर में रहस्य, खतरा और वो भावनाएं हैं जो दिल को छू जाती हैं।
स्टाइलिश विजुअल्स, दमदार ओएसटी और इमोशनल मोमेंट्स इसे और खास बना देते हैं। किम यू जंग और सोंग कांग की ऑन-स्क्रीन केमिस्ट्री इतनी शानदार है कि एपिसोड खत्म होने के बाद भी ये कहानी आपके दिल में बनी रहती है। अगर आपको जादुई और इमोशनल प्रेम कहानियां पसंद हैं, तो “माई डेमन” को मिस करना मुश्किल है।
Hwayugi

आधुनिक दुनिया में जब पुरानी बुराइयां वापस लौट आती हैं, तो जिंदगी एक खतरनाक सफर बन जाती है। Hwayugi, जिसे A Korean Odyssey के नाम से भी जाना जाता है, ऐसे ही रोमांच, डर और मोहब्बत से भरी कहानी है। इसमें जिन सेओन मी (ओह येओन सेओ) नाम की लड़की है, जिसे बचपन से ही आत्माएं दिखाई देती हैं।
उसने हमेशा इस श्राप से बचने की कोशिश की, लेकिन किस्मत ने उसे एक बार फिर उसी दुनिया में खींच लिया। उसकी जिंदगी में आता है शरारती और ताकतवर देवता सोन ओह गोंग (ली सेउंग गी), जो बचपन में उसे आजाद कराने का वादा तो करता है, लेकिन चालाकी से अपना फायदा उठा लेता है।
सालों बाद, दोनों की मुलाकात फिर होती है, और इस बार उनके सामने एक और भी बड़ा खतरा खड़ा है, जो पूरी दुनिया को निगल सकता है। कहानी में वू मा वांग (चा सेउंग वोन) भी है, जो एक स्मार्ट और दिलचस्प दानव है, लेकिन उसका अपना गुप्त मिशन है। ये तीनों साथ मिलकर आत्माओं, देवताओं और अपने दिलों से लड़ते हैं, और इस दौरान प्यार, धोखा, हंसी और डर सब कुछ झेलते हैं।
तेज-तर्रार डायलॉग, खौफनाक सीन और दिल को छू लेने वाला रोमांस, Hwayugi को एक ऐसा फैंटेसी ड्रामा बनाते हैं जो आपको हंसाएगा भी और रुलाएगा भी। अगर आपको रोमांस और हॉरर का परफेक्ट मिक्स चाहिए, तो ये सीरीज मिस मत करना।
The Heavenly Idol

अगर आप ऐसे K-drama के फैन हैं जो फैंटेसी, कॉमेडी और रोमांस को एक साथ परोसते हैं, तो 2023 का The Heavenly Idol आपके लिए एक perfect hidden gem है। ये शो आपको के-पॉप की चकाचौंध भरी दुनिया में ले जाता है, लेकिन एक ट्विस्ट के साथ।
कहानी पोंटिफेक्स रेम्ब्रेरी (Kim Min Kyu) से शुरू होती है, जो एक दिव्य पुजारी है। एक रहस्यमयी युद्ध के बाद वो अचानक आधुनिक कोरिया में पहुंच जाता है और खुद को वू योन वू के शरीर में पाता है। वू योन वू एक ऐसे K-pop ग्रुप ‘Wild Animal’ का struggling idol है, जो बस टूटने की कगार पर है।
रेम्ब्रेरी का divine confidence और आइडल लाइफ के बारे में जीरो नॉलेज, कई मजेदार और दिल को छू लेने वाले पल लाता है। बिना जाने-समझे ही वो अपने ग्रुप को फेम की ओर ले जाता है। उसके साथ है किम डाल (Go Bo Gyeol), जो एक loyal मैनेजर है और जिसके अतीत में दर्द छुपा है।
इस सफर में दोनों को न सिर्फ़ एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री की चालाकियों का सामना करना पड़ता है, बल्कि रेम्ब्रेरी की दुनिया से आईं अंधेरी ताकतों से भी जूझना पड़ता है। शो में हल्की-फुल्की कॉमेडी, spiritual elements और emotional romance का बैलेंस देखने को मिलता है। 12 एपिसोड का ये ड्रामा pace में थोड़ा uneven है, लेकिन कभी भी बोर नहीं करता। Kim Min Kyu का dual role और Go Bo Gyeol की grounded acting इसे और खास बना देते हैं।