Time Travel Korean Drama: जब बात प्यार की होती है, तो रियल लाइफ में अक्सर ये या तो बहुत बोरिंग लगने लगता है या फिर इतना उलझा हुआ कि समझ ही नहीं आता क्या करें। लेकिन K-Drama इन सबका परफेक्ट इलाज है। यहां आपको मिलते हैं वो ट्विस्ट और टर्न्स जो रियल लाइफ से कहीं ज्यादा दिलचस्प लगते हैं।
जरा सोचो, एक तरफ है हमारी मॉडर्न लाइफ जहां ब्रेकअप और दिल टूटने की कहानियां आम हैं। वहीं दूसरी तरफ K-Drama की दुनिया, जहां आपको मिलते हैं जादू, टाइम ट्रैवल, रहस्यमयी भविष्यवाणियां और ऐसी लव स्टोरीज जो दिल को छू जाती हैं।
इन ड्रामाज का सबसे बड़ा मजा ये है कि यहां रोमांस के साथ-साथ थ्रिल, फैंटेसी और इमोशन सब कुछ पैक होता है। एक पल आप मुस्कुरा रहे होते हो और अगले ही सीन में आंखें नम हो जाती हैं।
अगर आप भी उन लोगों में से हो जो दिन में बैठे-बैठे K-Drama की कहानियों में खो जाना पसंद करते हो, तो तैयार हो जाओ। आगे हम बात करेंगे ऐसे टाइम ट्रैवल वाले कुछ धमाकेदार K-Drama की, जो आपको आपकी सीट से बांधकर रख देंगे और दूसरी ही दुनिया में ले जाएंगे।
Marry My Husband

ये K-Drama वाकई उन लोगों के लिए है जो इमोशनल कहानियां, थ्रिल और बदले का मजा लेना पसंद करते हैं। Marry My Husband एक ऐसी कहानी है जिसमें एक लड़की की जिंदगी अचानक से बदल जाती है। शुरुआत में वो अपनी बीमारी से जूझ रही होती है और सोचा जा सकता है कि उसके लिए जिंदगी पहले से ही मुश्किल है। लेकिन असली झटका तब लगता है जब वो अपने पति और अपनी सबसे करीबी दोस्त को रंगे हाथों पकड़ लेती है।
ये धोखा उसकी जिंदगी को पूरी तरह हिला देता है और आखिरकार वही लोग उसकी मौत की वजह भी बन जाते हैं। लेकिन किस्मत उसे दूसरा मौका देती है। लड़की दस साल पीछे चली जाती है और अब उसके पास वक्त है सबकुछ बदलने का।
इस बार वो अकेली नहीं है। उसका पुराना बॉस भी उसके साथ उसी तरह से दूसरी बार जिंदगी जी रहा होता है।
दोनों मिलकर प्लान बनाते हैं और एक-एक चाल चलकर उन गुनहगारों से बदला लेने की ठान लेते हैं जिन्होंने उसकी पहली जिंदगी तबाह कर दी थी। Marry My Husband एक ऐसा ड्रामा है जिसमें रिश्तों का विश्वास, धोखा, दर्द और बदले की आग सबकुछ देखने को मिलता है। यही वजह है कि ये शो दर्शकों के बीच इतना पॉपुलर हो रहा है।
The Light in Your Eyes

The Light in Your Eyes एक ऐसी सीरीज है जो आपको अंदर तक झकझोर देती है। इस कहानी की शुरुआत होती है एक 25 साल की लड़की से जिसका सपना है अपने पिता को बचाना। उसके पास एक रहस्यमयी घड़ी होती है जिसकी मदद से वो टाइम में पीछे जा सकती है। लेकिन उसकी सबसे बड़ी मुश्किल ये है कि उसके पिता की कार एक्सीडेंट में मौत हो चुकी है और वो चाहे जितनी बार कोशिश करे, इस हादसे को रोक नहीं पाती।
हर बार जब वो उस घड़ी का इस्तेमाल करती है, उसकी उम्मीदें टूट जाती हैं। पर एक दिन जब वो फिर से घड़ी घुमाती है, तो अचानक खुद को 70 के दशक में पाती है। यहां से कहानी एक नया मोड़ लेती है क्योंकि अब न तो कोई उसे पहचानता है और न ही वो लड़का जिससे वो दिल से प्यार करती थी।
जरा सोचिए, आप ऐसी जगह पहुंच जाएं जहां आपका कोई अपना ही आपको न जानता हो, और आपकी सारी मेहनत बार-बार बेकार चली जाए। यही बेबसी और दर्द इस सीरीज को और ज्यादा खास बना देते हैं। The Light in Your Eyes सिर्फ टाइम ट्रैवल की कहानी नहीं है, बल्कि इसमें फैमिली बॉन्डिंग, प्यार की गहराई और जिंदगी में लिए गए फैसलों का असली असर भी दिखाया गया है। यही वजह है कि ये सीरीज दर्शकों के दिल को छू लेती है और देखने के बाद लंबे समय तक याद रहती है।
Tomorrow With You

Tomorrow With You एक ऐसी K-Drama सीरीज है जो शुरुआत से ही आपको बांध लेती है। सोचिए अगर हमें अपने आने वाले कल की झलक देखने की ताकत मिल जाए, तो हम अपनी जिंदगी में क्या बदलेंगे? यही सवाल इस शो की बेस कहानी है।
कहानी एक यंग और सक्सेसफुल सीईओ के इर्द-गिर्द घूमती है, जो मेट्रो में सफर करते हुए टाइम ट्रैवल कर सकता है। पहली बार सुनते ही काफी exciting लगता है, लेकिन जब वो अपने ही फ्यूचर को देखता है तो वहां उसे खुशी और सुकून की जगह अकेलापन और परेशानियां दिखती हैं।
अपने आने वाले कल को बेहतर बनाने की कोशिश में वो एक खुशमिजाज और बेफिक्र फोटोग्राफर लड़की से शादी कर लेता है। twist ये है कि वो उससे सच्चा प्यार नहीं करता और न ही उसके दर्द को समझ पाता है। उसकी सोच बस इतनी होती है कि शायद ये शादी उसकी जिंदगी को बेहतर बना देगी। लेकिन यही से शो की असली खूबसूरती सामने आती है। ये कहानी सिर्फ टाइम ट्रैवल या साइ-फाई तक सीमित नहीं रहती, बल्कि इसमें रिश्तों की जटिलताएं, इंसान की असली खुशी और जिंदगी की छोटी-छोटी चीजों की अहमियत दिखाई गई है।
सीरीज में कई ऐसे पल आते हैं जो हमें ये एहसास कराते हैं कि हम अक्सर अपने आज को नजरअंदाज कर देते हैं। हम हमेशा कल को बेहतर बनाने की दौड़ में लगे रहते हैं, जबकि असली मायने आज की छोटी खुशियों और रिश्तों में छुपे होते हैं।
Tomorrow With You उन लोगों के लिए perfect है जिन्हें रोमांस, इमोशन्स और हल्का-सा टाइम ट्रैवल का तड़का पसंद है। ये शो आपको सोचने पर मजबूर कर देगा कि जिंदगी में सबसे जरूरी चीज कल नहीं बल्कि आज है।
Moon Lovers: Scarlet Heart Ryeo

यह सीरीज उन लोगों के लिए एकदम परफेक्ट है जिन्हें टाइम-ट्रैवल, रोमांस और इमोशनल ड्रामा देखना पसंद है। मून लवर्स: स्कार्लेट हार्ट रियो की शुरुआत होती है 21वीं सदी की एक लड़की से, जो एक सूर्यग्रहण के दौरान अचानक कोरिया के पुराने गोरियो युग में पहुंच जाती है। वहां उसकी आंख खुलती है तो पता चलता है कि वह किसी और शरीर में है, वो भी एक 16 साल की लड़की के रूप में।
सोचो, एक मॉडर्न लड़की जो मोबाइल और सोशल मीडिया की आदी हो, अगर एकदम से राजमहल और राजनीति से भरे शाही दौर में पहुंच जाए तो उसकी लाइफ कितनी उलझ जाएगी। वहां उसे न सिर्फ राजमहल की साजिशों और सत्ता की लड़ाइयों का सामना करना पड़ता है, बल्कि रिश्तों की गहराई, प्यार और धोखे जैसी भावनाओं से भी गुजरना पड़ता है।
सीरीज की खूबसूरती यही है कि इसमें सिर्फ शाही ताकत और गद्दी की लड़ाई नहीं है, बल्कि उसमें दिल छू लेने वाले रिश्ते और इमोशनल कंफ्लिक्ट भी हैं। टाइम-ट्रैवल का कॉन्सेप्ट इसे यूनिक बनाता है और रोमांस की मिठास इसे और भी खास। यही वजह है कि यह ड्रामा दर्शकों को शुरू से आखिर तक स्क्रीन से जोड़े रखता है।
My Perfect Stranger

यह सीरीज का कांसेप्ट ही ऐसा है कि शुरू से ही दिलचस्प लगती है। नाम है माई परफेक्ट स्ट्रेंजर, और इसमें अनजाने लोग मिलकर एक-दूसरे की जिंदगी का अहम हिस्सा बन जाते हैं। कहानी टाइम ट्रैवल पर आधारित है, लेकिन इसमें सिर्फ साइंस-फिक्शन नहीं बल्कि इमोशन्स, रिश्ते और जिंदगी की सच्चाइयां भी दिखाई गई हैं।
शुरुआत होती है यूं हे जून से, जो एक न्यूज एंकर है और एक पुराने मर्डर केस की तहकीकात कर रहा है। उसी दौरान उसे मौका मिलता है अतीत में जाने का। वहीं दूसरी ओर है बेक यूं यंग, जिसके दिल में एक अलग दर्द छुपा है। वह चाहती है कि उसके माता-पिता की शादी कभी ना हो, क्योंकि उसने भविष्य में अपनी मां की दर्दनाक मौत देखी है और वो उस किस्मत को बदलना चाहती है।
जब दोनों अतीत में पहुंचते हैं तो उनकी राहें आपस में टकरा जाती हैं। शुरुआत में ये सिर्फ एक संयोग लगता है, लेकिन धीरे-धीरे दोनों के बीच एक गहरा रिश्ता बनता है। दोस्ती से शुरू होकर यह बंधन इमोशन्स और समझदारी तक पहुंच जाता है।
सीरीज में आपको रहस्य और सस्पेंस के साथ-साथ रिश्तों की गर्माहट, प्यार और उम्मीद भी देखने को मिलेगी। कहीं पर यह आपको सोचने पर मजबूर करेगी कि क्या इंसान अपनी किस्मत बदल सकता है, और कहीं पर यह आपको जिंदगी की कड़वी हकीकत से रूबरू कराएगी।
Mr Queen

यह ड्रामा उन लोगों के लिए है जो हल्की-फुल्की कॉमेडी के साथ टाइम-ट्रैवल और हिस्टोरिकल टच पसंद करते हैं। मिस्टर क्वीन की कहानी की शुरुआत होती है एक मॉडर्न टाइम के शेफ से, जो ब्लू हाउस में बड़े-बड़े नेताओं और VIPs के लिए स्पेशल डिशेज बनाता है। लेकिन एक हादसे के बाद उसकी किस्मत ऐसी पलटती है कि वो सीधे पहुंच जाता है जोसियन युग में, वो भी रानी चेरोइन के शरीर में।
अब जरा सोचो, एक मॉडर्न लड़का जो जिंदगी भर किचन में काम करता रहा हो, अचानक एक पुराने जमाने की रानी बन जाए तो कितनी गड़बड़ होगी। इसी टकराव से सीरीज में कॉमेडी निकलती है। लेकिन ये ड्रामा सिर्फ मजाक तक सीमित नहीं है। जैसे-जैसे कहानी आगे बढ़ती है, हमें पता चलता है कि रॉयल लाइफ सिर्फ शाही ठाठ-बाट तक सीमित नहीं, बल्कि इसके पीछे साजिशें, राजनीति और कई काले राज भी छिपे हैं।
राजा खुद भी कोई सीधा-सादा इंसान नहीं है। उसके अपने राज हैं, जिनसे धीरे-धीरे रानी टकराती है। इस पूरे सफर में कॉमेडी, ट्विस्ट और सस्पेंस लगातार बना रहता है। यही वजह है कि मिस्टर क्वीन एक ऐसा शो बन जाता है जिसे देखते वक्त आप बोरियत महसूस नहीं करते।