Time Travel Korean Drama: के-ड्रामा फैंस आज के समय में पूरी दुनिया में मौजूद है। हर कोई इनकी कहानी और किरादार का दीवाना हैं। इन इन ड्रामाज में हर चीज का तड़का होता है। थोड़ा इतिहास, थोड़ी फैंटेसी, ढेर सारा रोमांस और कभी-कभी हंसी-मजाक भी। यही वजह है कि ये दुनियाभर के फैंस को अपने साथ खींच लेते हैं।
अगर आपको हाल ही में Netflix पर रिलीज हुए K-Drama Bon Appétit, Your Majesty का मजेदार ट्विस्ट पसंद आया है, तो आपको वो सारे शो भी जरूर पसंद आएंगे जिनमें मॉडर्न टाइम के किरदार गलती से पुराने जमाने में पहुँच जाते हैं। वहाँ उन्हें नए तरीके से जीना पड़ता है, कुछ तो खाना बनाकर दिल जीतते हैं, कुछ रणनीतियाँ बनाकर इतिहास बदल देते हैं और कुछ तो बस मोहब्बत में खो जाते हैं।
Moon Lovers: Scarlet Heart Ryeo – Rakuten Viki

यह सीरीज रोमांस, इतिहास और इमोशन का एक शानदार कॉम्बिनेशन है। Moon Lovers: Scarlet Heart Ryeo की शुरुआत तो हल्की-फुल्की और मजेदार लगती है, लेकिन धीरे-धीरे यह गहरी और इमोशनल कहानी बन जाती है। कहानी की खास बात यह है कि एक साधारण लड़की, गो हा-जिन, अचानक समय में पीछे जाकर गोरियो राजवंश की साजिशों और राजनीति के बीच फंस जाती है।
हे सू के रूप में उसकी जिंदगी सिर्फ दोस्ती और प्यार तक सीमित नहीं रहती, बल्कि उसे उन हालातों से भी गुजरना पड़ता है जहां हर कदम खतरनाक हो सकता है। वांग परिवार के राजकुमारों के बीच की टकराहट और चौथे राजकुमार वांग सो का किरदार इस शो की जान है।
उसका रहस्यमय और दर्द से भरा व्यक्तित्व, हे सू के साथ उसका इमोशनल रिश्ता, और महल की राजनीति सब मिलकर इसे एक यादगार K-Drama बना देते हैं। Moon Lovers सिर्फ एक लव स्टोरी नहीं है, बल्कि यह वफादारी, त्याग और तक़दीर की लड़ाई की भी कहानी है। खूबसूरत लोकेशन, दिल छू लेने वाले गाने और जबरदस्त एक्टिंग इसे ऐसा शो बनाते हैं जिसे देखकर आप आसानी से भूल नहीं पाएंगे।
Mr. Queen – Netflix

इस सीरीज में एक मॉडर्न शेफ अचानक 600 साल पीछे टाइम ट्रैवल करके किसी रानी के शरीर में फँस जाता है। यही कहानी है Netflix पर उपलब्ध कोरियन ड्रामा Mr. Queen की। जंग बोंग-ह्वान, जिसे चोई जिन-ह्युक ने निभाया है, सियोल का एक टॉप शेफ है। लेकिन किस्मत का खेल ऐसा चलता है कि वह सीधा जोसियन राजवंश के दौर में जाकर रानी किम सो-योंग के शरीर में फँस जाता है। इस रोल को शिन हये-सन ने इतनी कॉमिक टाइमिंग और शानदार एक्टिंग के साथ निभाया है कि आप हँसी रोक ही नहीं पाएंगे।
अब सोचिए, एक मॉडर्न शेफ को शाही दरबार की सख्त परंपराओं, राजनीति और अनकंफर्टेबल रॉयल रूल्स के बीच एडजस्ट करना पड़े। ऊपर से, राजा चेओलजोंग (किम जंग-ह्यून) का भी अपना सीक्रेटीव और थोड़ा सा संदिग्ध नेचर है। ऐसे में हर सिचुएशन कॉमेडी, रोमांस और सरप्राइज से भर जाता है।
इस ड्रामा की सबसे खास बात है इसका यूनिक मिक्स टाइम ट्रैवल, जोसियन एरा की रॉयल लाइफ और एक शेफ की मजेदार मॉडर्न सोच। खाने-पीने से लेकर रिश्तों तक, हर चीज पर बोंग-ह्वान का ट्विस्ट आपको खूब एंटरटेन करता है। अगर आपको हास्य और रोमांस से भरपूर ऐसे शोज पसंद हैं जिनमें रॉयल सेटिंग्स भी हों, तो Mr. Queen आपके वॉचलिस्ट में जरूर होना चाहिए। ये ड्रामा आपको हँसी, इमोशंस और शाही ठाठ-बाट का जबरदस्त कॉम्बिनेशन देता है।
Marry My Husband – Amazon Prime Video

कहानी की शुरुआत होती है कांग जी-वोन से, जो एक ऐसी औरत है जिसकी जिंदगी हमेशा चुनौतियों से घिरी रहती है। उसका पति पार्क मिन-ह्वान बेहद स्वार्थी है और उसकी सबसे अच्छी दोस्त जियोंग सू-मिन भी धोखा देने से पीछे नहीं हटती। जी-वोन अपने करियर और निजी रिश्तों के बीच संतुलन बनाने की कोशिश करती है, लेकिन जिंदगी उसे एक बड़ा झटका देती है।
उसे पता चलता है कि उसे लाइलाज बीमारी है और उसी दौरान वह अपने पति और सबसे अच्छी दोस्त का रिश्ता देख लेती है। हालात इतने बिगड़ जाते हैं कि उसकी बेरहमी से हत्या कर दी जाती है। लेकिन यहीं से कहानी में बड़ा ट्विस्ट आता है। जी-वोन चमत्कारिक तरीके से दस साल पहले अपने अतीत में लौट आती है।
अब उसका मकसद साफ है। इस बार वह अपनी किस्मत खुद लिखेगी। वह ठान लेती है कि अपने पति की शादी सू-मिन से करवाकर खुद को उस दर्दनाक जिंदगी से बचाएगी। लेकिन इसके साथ ही वह अपने लिए न्याय भी चाहती है और इस सफर में उसका साथ देता है उसका बॉस, यू जी-ह्योक।
यह किरदार भी अपने अंदर एक ऐसा राज छिपाए बैठा है जो कहानी को और रोमांचक बना देता है। Marry My Husband एक ऐसी सीरीज है जो टाइम-ट्रैवल, बदले और रोमांस को खूबसूरती से जोड़ती है। अगर आपको इमोशनल कहानियों में ट्विस्ट और सस्पेंस पसंद है, तो यह K-Drama आपके लिए परफेक्ट चॉइस है।
Perfect Marriage Revenge – Rakuten Viki

Perfect Marriage Revenge एक ऐसा K-Drama है जो मेलोड्रामा, रोमांस और बदले की दिलचस्प कहानी को एक साथ जोड़ता है। इसमें हान यी-जू यानी जंग यू-मिन की कहानी दिखाई गई है, जो एक अमीर परिवार की बेटी होते हुए भी अपनी शादी में बेहद दुखी है। उसका पति जंग से-ह्योक यानी कांग शिन-ह्यो, उसे प्यार देने की बजाय लगातार तकलीफ देता है।
कहानी का असली ट्विस्ट तब आता है जब एक हादसे के बाद यी-जू की जिंदगी खत्म हो जाती है, लेकिन वह चमत्कारिक रूप से अतीत में लौट आती है। अब उसके पास अपनी किस्मत बदलने का दूसरा मौका होता है। इस बार वह तय करती है कि खुद को कमजोर नहीं बनने देगी और उन सबको सबक सिखाएगी जिन्होंने उसके साथ अन्याय किया था।
अपने धोखेबाज मंगेतर से शादी करने की बजाय वह एक चालाकी भरा कदम उठाती है। वह सेओ डू-गुक यानी सुंग हून से कॉन्ट्रैक्ट मैरिज करती है, जो एक शक्तिशाली चाबोल उत्तराधिकारी है। शुरुआत में यह शादी सिर्फ एक समझौता लगती है, लेकिन धीरे-धीरे इसमें असली प्यार और भरोसा शामिल होने लगता है।
Twinkling Watermelon – Rakuten Viki

Twinkling Watermelon उन K-Dramas में से है जो पहली ही नजर में दिल को छू जाते हैं। इसकी कहानी सिर्फ टाइम ट्रैवल या म्यूजिक तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें परिवार, रिश्ते और इमोशंस की गहराई भी है। इस सीरीज का मुख्य किरदार है यून ग्योल, जिसे रायउन ने निभाया है। ग्योल एक CODA है यानी ऐसे माता-पिता का बच्चा जो बधिर हैं। भले ही उसके घर में सन्नाटा हो, लेकिन ग्योल की जिंदगी में म्यूजिक गूंजता है। दिन में वह एक आदर्श छात्र है, जबकि रात में छुपकर गिटार बजाने वाला टैलेंटेड म्यूज़िशियन।
कहानी तब रोमांचक मोड़ लेती है जब एक रहस्यमय घटना ग्योल को 1995 में ले जाती है। वहां उसकी मुलाकात अपने ही किशोर पिता हा यी-चान से होती है, जिन्हें चोई ह्यून-वूक ने निभाया है। सोचिए, अगर आप अपने पेरेंट्स को उनकी जवानी में देखें तो कैसा लगेगा? यही अनुभव ग्योल को मिलता है।
1995 में रहते हुए ग्योल एक बैंड “Watermelon Sugar” का हिस्सा बनता है। इस बैंड में करिश्माई सेलिस्ट से-क्यूंग (सियोल इन-आह) और थोड़ी अजीब लेकिन प्यारी चुंग-आह (शिन यून-सू) भी हैं। म्यूजिक और दोस्ती के जरिए ग्योल धीरे-धीरे अपने परिवार की स्ट्रगल्स को समझने लगता है और ये भी जान पाता है कि अतीत की छोटी-छोटी बातें कैसे भविष्य को बदल देती हैं।
Twinkling Watermelon टाइम ट्रैवल वाले K-Dramas को एक नया और फ्रेश टच देता है। इसमें इमोशंस, रिलेशनशिप्स और म्यूजिक का जो खूबसूरत कॉम्बिनेशन है, वो इसे बाकी ड्रामाज से अलग बनाता है।
Rooftop Prince – Netflix

इस ड्रामा में 300 साल पहले का कोई राजकुमार अचानक आज की सियोल की सड़कों पर आ जाती हैं। इसी मजेदार और दिलचस्प ख्याल पर बना है K-Drama Rooftop Prince, जो आपको टाइम-ट्रैवल, मिस्ट्री, रोमांस और कॉमेडी का मजेदार कॉम्बिनेशन देता है।
इसकी कहानी जोसियन युग के क्राउन प्रिंस ली गाक के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसकी क्राउन प्रिंसेस की रहस्यमयी मौत हो जाती है। सच्चाई का पता लगाने की कोशिश में ली गाक अपने तीन वफ़ादार अनुचरों के साथ अचानक 300 साल आगे यानी आधुनिक सियोल पहुँच जाता है।
वहाँ उनकी मुलाकात पार्क-हा से होती है, जो दिल की बहुत ही साफ और खुशमिजाज लड़की है। धीरे-धीरे प्रिंस और उनके साथी 21वीं सदी की तेज-तर्रार दुनिया में ढलने की कोशिश करते हैं और इस दौरान कई कॉमिक हालात बनते हैं। लेकिन साथ ही ली गाक पुराने रहस्य को सुलझाने की कोशिश करता है और कॉर्पोरेट दुश्मनी और गलत पहचान की जटिलताओं में फँस जाता है।
सबसे दिलचस्प मोड़ तब आता है जब राजकुमार और पार्क-हा के बीच अनकहा रोमांस पनपने लगता है। ये शो हंसी, इमोशंस और थ्रिल का ऐसा मिक्स है जिसे देखकर आप बोर नहीं होंगे। चार जोसियन पुरुषों का आधुनिक सियोल में अजीबो-गरीब अंदाज सच में आपको हंसा-हंसा कर लोटपोट कर देगा।
Sisyphus: The Myth – Netflix

यह सीरीज उन लोगों के लिए है जिन्हें साइंस-फिक्शन और थ्रिलर का जबरदस्त कॉम्बिनेशन पसंद है। Sisyphus: The Myth की कहानी हान ताए-सुल के इर्द-गिर्द घूमती है, जो एक जीनियस इंजीनियर है और अपनी टेक कंपनी का को-फाउंडर भी। लेकिन अपने भाई की रहस्यमयी मौत के बाद उसकी जिंदगी पूरी तरह उलट-पुलट हो जाती है। तभी उसे ऐसे सबूत मिलते हैं जिनसे पता चलता है कि भविष्य से आए टाइम ट्रैवलर उसके आसपास मौजूद हैं।
यहीं एंट्री होती है कांग सियो-हे की, जो एक बहादुर योद्धा है। वह खास मिशन के साथ टाइम ट्रेवल करके अतीत में आती है ताकि ताए-सुल को बचा सके और साथ ही आने वाली तबाही को भी रोक सके। दोनों मिलकर खतरनाक दुश्मनों से लड़ते हैं और दुनिया को खत्म होने से बचाने की कोशिश करते हैं।
इस शो की सबसे बड़ी खासियत है इसका हाई बजट प्रोडक्शन और सिनेमैटिक एक्शन सीक्वेंस, जो K-Drama में काफी कम देखने को मिलते हैं। बाकी सीरीज से अलग, इसमें एक डार्क और इंटेंस साइंस-फिक्शन टच है जो टाइम ट्रैवल, एक्शन और वर्ल्ड-सेविंग मिशन को और भी रोमांचक बना देता है।