Workplace Korean Drama: ये दौर हर किसी की जिंदगी में आता है जब हम पहली नौकरी की तरफ कदम बढ़ाते हैं। एक तरफ नया माहौल, नए लोग और सीखने के मौके होते हैं, तो दूसरी तरफ डेडलाइन, ओवरटाइम और ऑफिस की राजनीति जैसी चुनौतियाँ भी सामने आती हैं। शुरू में सब कुछ थोड़ा डरावना लगता है, लेकिन धीरे-धीरे वही जगह हमें सिखाती है कि असली दुनिया कैसे काम करती है।
अच्छी बात ये है कि इस सफर में हमेशा कुछ लोग ऐसे मिलते हैं जो हमारी राह आसान बना देते हैं। कोई सहकर्मी दोस्त बन जाता है, तो कोई सीनियर मेंटर। यही छोटी-छोटी मदद हमें आगे बढ़ने का हौसला देती है।
अगर गहराई से देखें तो कार्यस्थल सिर्फ नौकरी करने की जगह नहीं होता, बल्कि जिंदगी की सबसे बड़ी कक्षाओं में से एक होता है। यही कारण है कि K-Drama की दुनिया ने हमेशा इन अनुभवों को दिल छू लेने वाले अंदाज में दिखाया है। इनमें हंसी भी है, संघर्ष भी है और ढेर सारी प्रेरणा भी।
कभी ये कहानी एक नए वकील की होती है, कभी किसी युवा उद्यमी की, तो कभी किसी इंटर्न या डॉक्टर रेजिडेंट की। लेकिन हर जगह एक बात कॉमन है हर कोई शुरुआत में लड़खड़ाता है और यही गिरना-उठना असली सफलता की नींव बनाता है।
अब अगर आप भी जानना चाहते हैं कि ऐसे हालात को K-Drama ने कैसे खूबसूरती से दिखाया है, तो यहाँ सात शानदार सीरीज हैं जो कार्यस्थल की चुनौतियों और छोटी-छोटी जीत को बखूबी पेश करती हैं।
Resident Playbook

Resident Playbook को Hospital Playlist के स्पिन-ऑफ के रूप में पेश किया गया है और यह शुरुआत से ही दर्शकों का ध्यान खींचता है। इस ड्रामा में गो यून जंग ने रेजिडेंट ओह यी यंग की भूमिका निभाई है, जो सियोल के सबसे व्यस्त अस्पतालों में कठिन ट्रेनिंग से गुजर रही है। मेडिकल दुनिया की सख्त ड्यूटी और दबाव के बीच वह अपनी जगह बनाने की कोशिश करती है।
उसके साथ कई और नए चेहरे भी हैं, जैसे शिन सी आह जो प्यो नाम क्यूंग के उत्साही कैरेक्टर को निभाती हैं, हान ये जी जो पढ़ाई में बेहद तेज किम सा बी के रूप में नजर आती हैं, और कांग यू सियोक जो उम जे इल के स्नेही और सहायक स्वभाव को दर्शाते हैं। यह पूरा ग्रुप उन चुनौतियों से गुजरता है जिन्हें हर नए डॉक्टर को फेस करना पड़ता है कठिन शिफ्ट्स, सख्त सलाहकार और ऐसे मेडिकल केस जो दिल को हिला दें।
Resident Playbook सिर्फ अस्पताल और ऑपरेशन थिएटर तक सीमित नहीं है। यह इंसानी रिश्तों और दोस्ती की भी कहानी है। नए डॉक्टर आपसी सपोर्ट, हंसी-मजाक और संघर्ष के जरिए अपनी पहचान बनाते हैं। यही वजह है कि यह शो हर उस इंसान से जुड़ता है जिसने कभी मेडिकल फील्ड में कदम रखा हो या उसके बारे में सोचा हो।
जैसे Hospital Playlist ने दर्शकों को भावुक किया था, वैसे ही Resident Playbook भी मेडिकल रियलिज्म और दिल को छू लेने वाली कहानियों का मेल है। यह ड्रामा बताता है कि डॉक्टर भी इंसान हैं, जिनके अपने सपने, डर और रिश्ते होते हैं।
Today’s Webtoon

ये ड्रामा उन लोगों के लिए खास है जो अपने करियर में उतार-चढ़ाव का सामना कर रहे हैं और फिर भी हार मानने के बजाय नए रास्ते तलाशते हैं। Today’s Webtoon की कहानी ओन मा यूम के इर्द-गिर्द घूमती है। वह पहले एक जूडो एथलीट थी, लेकिन एक दर्दनाक चोट ने उसका सपना तोड़ दिया। इसके बाद वह खुद को एक नई दुनिया में पाती है।
एक वेबटून कंपनी में, जहां उसे एडिटर की नौकरी मिलती है। शुरुआत आसान नहीं होती, क्योंकि यहां की डेडलाइन बहुत टफ हैं, आर्टिस्ट्स के अलग-अलग नेचर से निपटना पड़ता है और खुद पर भरोसा बनाए रखना भी चुनौती बन जाता है। मा यूम के साथ काम करने वाले लोग उसकी जिंदगी बदलने में अहम रोल निभाते हैं।
गू जून यंग उसका साथी है, जो स्मार्ट और ambitious है। वहीं सियोक जी ह्युंग उसका सीनियर और गाइड है, जो हर कदम पर उसे सपोर्ट करता है। मा यूम और जून यंग का रिश्ता खास है दोनों एक-दूसरे को टक्कर देने से ज्यादा एक-दूसरे को आगे बढ़ाते हैं। उनकी दोस्ती और केमिस्ट्री शो का दिल बन जाती है।
यह सीरीज सिर्फ एक करियर की कहानी नहीं है, बल्कि ये बताती है कि इंसान अगर जुनून और मेहनत से काम करे, तो किसी भी मुश्किल को पार कर सकता है। आज का वेबटून हमें यही सिखाता है कि सपने बदल सकते हैं, लेकिन मेहनत और लगन हमेशा नए रास्ते खोलती है।
Extraordinary Attorney Woo

Extraordinary Attorney Woo एक ऐसी कहानी है जो आपको शुरुआत से ही अपनी ओर खींच लेती है। इसमें वू यंग वू की जिंदगी दिखाई गई है, जिसे हाई-फंक्शनिंग ऑटिज़्म स्पेक्ट्रम डिसऑर्डर है। लेकिन यह उसकी कमजोरी नहीं, बल्कि उसकी ताकत बन जाती है।
यंग वू एक बड़ी लॉ फर्म में काम करना शुरू करती है। वहां उसे कई बार भेदभाव और लोगों की संदेह भरी नजरों का सामना करना पड़ता है। लेकिन उसकी तेज दिमागी, मामलों को हल करने का अनोखा तरीका और बारीकियों को समझने की क्षमता सबको हैरान कर देती है। धीरे-धीरे उसके साथी और सीनियर्स भी उसकी काबिलियत को पहचानने लगते हैं।
उसकी इस सफर में उसे हमेशा सहारा देने वाले दो खास लोग हैं। एक हैं ली जून हो, जो उसे समझते हैं और उसकी मजबूती बनते हैं। दूसरे हैं उसके मेंटर जंग म्यांग सियोक, जो उसे सही दिशा दिखाते हैं और उसका आत्मविश्वास बढ़ाते हैं। ये शो सिर्फ एक वकील की कहानी नहीं है, बल्कि ये बताता है कि अलग तरह से सोचने वाले लोग भी समाज को नया नजरिया दे सकते हैं। Extraordinary Attorney Woo दर्शकों को सहानुभूति, हिम्मत और इंसानियत का गहरा संदेश देता है।
Good Partner

यह शो असल में रिश्तों, करियर और सोच के टकराव की कहानी है। Good Partner में तलाक की वकील चा यून क्यूंग की जिंदगी दिखाई गई है, जो काम के मामले में बेहद प्रोफेशनल और सख्त हैं। वह किसी पर आसानी से भरोसा नहीं करतीं और हर केस को ठंडे दिमाग से हल करती हैं। दूसरी तरफ आती हैं नई वकील हान यू री, जो दिल से बहुत ईमानदार और आदर्शवादी हैं। उन्हें तलाक के केस बिल्कुल पसंद नहीं, लेकिन उनका काम करने का तरीका बिल्कुल अलग है।
यही फर्क दोनों को बार-बार भिड़ा देता है। कोर्टरूम से लेकर पर्सनल लाइफ तक, उनके बीच टकराव खत्म ही नहीं होता। एक तरफ यून क्यूंग प्रैक्टिकल सोच रखती हैं, वहीं यू री दिल और इमोशंस को अहमियत देती हैं। इसी कारण उनके केस हैंडल करने के तरीके में भी बड़ा फर्क दिखता है।
लेकिन कहानी यहीं खत्म नहीं होती। धीरे-धीरे दोनों एक-दूसरे को समझना शुरू करती हैं। यून क्यूंग यू री से सहानुभूति और संवेदनशीलता सीखती हैं, वहीं यू री यून क्यूंग से प्रोफेशनलिज़्म और आत्मविश्वास। इस तरह दोनों न सिर्फ अपनी कमज़ोरियों पर काम करती हैं, बल्कि एक-दूसरे को और भी मजबूत बनाती हैं। Good Partner सिर्फ एक लीगल ड्रामा नहीं है, बल्कि यह रिश्तों और पर्सनल ग्रोथ की भी खूबसूरत कहानी है। इसमें कोर्टरूम की टेंशन, भावनाओं का उतार-चढ़ाव और दो मजबूत महिला किरदारों की जर्नी देखने को मिलती है।
Incomplete Life

Incomplete Life, जिसे Misaeng के नाम से भी जाना जाता है, एक ऐसा Korean drama है जिसने कोरिया ही नहीं बल्कि पूरी दुनिया के दर्शकों को छू लिया। इसकी कहानी जंग गेउ रे की है, जो बचपन से Go Board गेम खेलने में माहिर था। लेकिन जब वह प्रोफेशनल लेवल पर सफल नहीं हो पाया, तो उसके सपने अधूरे रह गए।
गेउ रे के पास कोई और स्किल नहीं थी, इसलिए उसे जिंदगी में आगे बढ़ने के लिए नौकरी ढूँढ़नी पड़ी। किस्मत ने उसका साथ दिया और एक कॉन्टैक्ट की मदद से उसे एक कॉर्पोरेट ट्रेडिंग कंपनी में इंटर्नशिप मिल गई। लेकिन बिना किसी अनुभव के, उसके लिए वहाँ काम करना आसान नहीं था।
ऑफिस की सख़्त पॉलिटिक्स, काम का प्रेशर और नए माहौल के साथ एडजस्ट करना उसके लिए किसी जंग से कम नहीं था। इस सफर में उसका सबसे बड़ा सहारा बना उसका सीनियर ओह सांग सिक, जो बाहर से सख्त लेकिन अंदर से बेहद दयालु इंसान था। वहीं उसके साथी इंटर्न्स आह्न यंग यी और हान सुक यू ने भी उसे कॉर्पोरेट दुनिया की असलियत समझने में मदद की।
Misaeng सिर्फ एक ऑफिस ड्रामा नहीं है, बल्कि यह जिंदगी का आईना है। इसमें दिखाया गया है कि कैसे हर इंसान अपने-अपने संघर्षों से लड़ रहा है और अपनी अधूरी जिंदगी को पूरा करने की कोशिश कर रहा है। यह हमें सिखाता है कि चाहे हालात कितने भी मुश्किल हों, हमें अपनी असली पहचान और मूल्यों को कभी नहीं भूलना चाहिए।
यह ड्रामा इसलिए भी खास है क्योंकि इसमें दिखाए गए किरदार, उनकी तकलीफ़ें और उनकी छोटी-छोटी खुशियाँ बिलकुल रियल लगती हैं। शायद यही वजह है कि हर दर्शक इसमें कहीं न कहीं अपनी कहानी देख पाता है।
Start-Up

ये कहानी एकदम relatable लगती है, क्योंकि हर वो इंसान जिसने कभी बड़ा सपना देखा है, उसे “स्टार्ट-अप” जैसी जर्नी से जुड़ाव जरूर महसूस होगा। सियो डाल मी एक ऐसी लड़की है जो अपने पापा के अधूरे सपनों को पूरा करने के लिए बिजनेस की दुनिया में कदम रखती है। उसका विश्वास है कि अगर कोई दिल से मेहनत करे तो बड़ी से बड़ी मुश्किल भी आसान हो सकती है। लेकिन रास्ता उतना सीधा नहीं है।
यहीं उसकी मुलाकात होती है नाम दो सान से, जो एक कमाल का कोडर है। उसकी social skills थोड़ी कमजोर हैं, लेकिन किसी भी technical problem को चुटकियों में हल कर देता है। वहीं दूसरी तरफ है हान जी प्योंग, जो एक sharp investor है और हर मौके पर डाल मी की मदद करता है। लेकिन उसके दिल में भी डाल मी के लिए एक खास जगह है।
इन तीनों की कहानी सिर्फ romance और love triangle तक सीमित नहीं रहती। इसमें struggle, sacrifice और बार-बार गिरकर फिर उठने की हिम्मत दिखाई गई है। यही वजह है कि “स्टार्ट-अप” सिर्फ एक ड्रामा नहीं बल्कि inspiration बन जाता है। अगर आप भी अपने सपनों की जर्नी पर हैं, तो ये शो आपको याद दिलाएगा कि असफल होना हार नहीं है, बल्कि एक नए शुरुआत का पहला कदम है।
Kkondae Intern

इस सीरीज की कहानी घूमती है गा येओल चान के इर्द-गिर्द, जिसे पार्क हे जिन ने निभाया है। इंटर्नशिप के दिनों में उसका बॉस ली मान सिक, यानी किम यूंग सू, उस पर हावी रहता है और काम का बोझ डालकर उसे परेशान करता है। लेकिन वक्त बदलता है और किस्मत खेल खेलती है। अब वही बॉस, कंपनी में इंटर्न बनकर गा येओल चान के सामने खड़ा है।
शुरुआत में येओल चान को इसमें मजा आता है, क्योंकि अब बदला लेने का मौका उसके हाथ में है। लेकिन धीरे-धीरे जब वह मान सिक की असली मुश्किलें और उसकी बेबसी देखता है, तो उसका दिल पिघलने लगता है। वहीं मान सिक भी समझ जाता है कि अब वह इस कॉर्पोरेट वर्ल्ड का सबसे नया और कम जानकार इंसान है।
कहानी यहीं से मजेदार मोड़ लेती है, जब दोनों एक असहज रिश्ते से निकलकर एक टीम की तरह काम करने लगते हैं। उनकी जोड़ी कॉर्पोरेट दुनिया की पुरानी सोच, पीढ़ियों के बीच टकराव और ऑफिस पॉलिटिक्स पर तंज कसती है। Kkondae Intern सिर्फ कॉमेडी नहीं है, बल्कि इसमें इमोशंस और इंसानी रिश्तों की गहराई भी दिखती है। अगर आपने कभी किसी टॉक्सिक बॉस के खिलाफ खड़े होने का सपना देखा है, तो ये ड्रामा आपके दिल को जरूर छू लेगा।