HYBE India: क्या आपने कभी सोचा था कि BTS और न्यूजीन जैसे पॉपुलर K-pop ग्रुप्स की कंपनी HYBE अब सीधे भारत में काम करने वाली है? जी हां, ये सच है। HYBE ने आधिकारिक तौर पर एलान किया है कि वो 2025 की दूसरी छमाही यानी सितंबर या अक्टूबर तक भारत में अपनी एक नई सहायक कंपनी शुरू करने की तैयारी में है।
HYBE ने 30 जून को इस योजना की घोषणा की और बताया कि वो अभी भारत में लोकल मार्केट का रिसर्च कर रहे हैं। इसके साथ ही कंपनी लॉन्च की तैयारियों पर भी काम चल रहा है। इस फैसले के पीछे HYBE के चेयरमैन बंग सी ह्युक का बड़ा विजन है। वो मानते हैं कि भारत की 1.4 अरब की आबादी वाला विशाल बाजार K-pop के लिए एक जबरदस्त मौका है।

उनकी “मल्टी-होम, मल्टी-जेनर” रणनीति का मकसद यही है हर देश की लोकल संस्कृति को ध्यान में रखते हुए वहां की म्यूज़िक इंडस्ट्री में खास जगह बनाना। अगर HYBE की पिछली कोशिशों की बात करें, तो अमेरिका इसका बेहतरीन उदाहरण है। वहां HYBE के गर्ल ग्रुप KATSEYE ने डेब्यू के एक साल के अंदर ही Billboard Hot 100 में अपनी जगह बना ली, जो किसी भी नए ग्रुप के लिए बहुत बड़ी बात है।
सिर्फ अमेरिका ही नहीं, HYBE लैटिन अमेरिका में भी तेजी से आगे बढ़ रहा है। वहां उन्होंने 2023 में एक लोकल कंपनी शुरू की और अब मेक्सिको में दो बड़े ऑडिशन प्रोजेक्ट्स पर काम कर रहे हैं। इनमें से एक है “पासे अ ला फामा”, जो टेलीमुंडो चैनल पर आ रहा है और लोग इसे काफी पसंद कर रहे हैं। दूसरा प्रोजेक्ट एक नए लैटिन बॉय ग्रुप को तैयार करने का है। दोनों प्रोजेक्ट्स में K-pop की ट्रेनिंग स्टाइल अपनाई जा रही है।

HYBE के एक प्रवक्ता का कहना है कि उनकी ये इंटरनेशनल रणनीति अभी से ही असर दिखा रही है। अगर सब कुछ इसी रफ्तार से चलता रहा, तो म्यूज़िक इंडस्ट्री का ग्लोबल नक्शा पूरी तरह बदल सकता है, जिस पर अभी कुछ गिनी-चुनी बड़ी कंपनियों का ही कब्जा है।
अब देखना ये है कि भारत में HYBE की एंट्री क्या कोई नया म्यूज़िक ट्रेंड शुरू करेगी? क्या हमें भी जल्द एक इंडियन K-pop स्टार देखने को मिलेगा। समय के साथ ये सब साफ हो जाएगा, लेकिन इतना तय है कि भारत में म्यूजिक की दुनिया में कुछ बड़ा होने वाला है।